Adesh Gupta Said That He Will Play The Role Of A Strong Opposition In Mcd – Delhi: आदेश गुप्ता ने एमसीडी में मेयर नहीं बनाने के दिए संकेत, कहा- एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे

भाजपा दिल्ली अध्यक्ष आदेश गुप्ता (फाइल फोटो)
– फोटो : अमर उजाला
ख़बर सुनें
विस्तार
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अप्रत्यक्ष तौर पर संकेत दिए कि वह एमसीडी में मेयर नहीं बनाएंगे। उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा है कि वह एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आशीर्वाद देने में कोई भेदभाव नहीं करते केजरीवाल केंद्र सरकार की योजनाएं लागू कर दें, उनको प्रधानमंत्री का आशीर्वाद मिल जाएगा।
आदेश गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने लोगों को राहत देने वाली केंद्र सरकार की योजनाएं दिल्ली में लागू नहीं कर रखी हैं। जिससे राजधानी निवासी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं। बता दें कि इससे पहले भाजपा ने दावा किया था कि भले ही चुनाव में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिली है, लेकिन मेयर तो भाजपा का ही बनेगा। लेकिन अब इस मामले में भाजपा यू टर्न लेती दिखाई दे रही है।
भाजपा नेताओं ने किया था ये दावा
एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बड़ा दावा किया था। मेयर के सवाल पर आदेश गुप्ता ने कहा था कि, ‘राजनीति में कुछ भी हो सकता है। भाजपा का मेयर भी बन सकता है। जनता ने आम आदमी पार्टी को पूरा समर्थन नहीं दिया है। इसलिए इंतजार करिए। कुछ भी हो सकता है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘जनता ने सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया के भ्रष्टाचार का जवाब दे दिया है। दोनों का सूपड़ा साफ हो गया। लोग देख रहे हैं कि दिल्ली के संकट में हमेशा से भाजपा उनके साथ रही। इसलिए मेयर चुनाव तक हमें इंतजार करना चाहिए। जब मेयर का चुनाव होगा, तब बहुत सारी बातें हो सकती हैं। भाजपा का मेयर भी बन सकता है।’
उधर, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्विट कर दिल्ली में भाजपा के मेयर होने का दावा किया था। उन्होंने लिखा, ‘दिल्ली में फिर एक बार भारतीय जनता पार्टी का मेयर बनेगा।’