Delhi IMD Weather Update Cold is showing effect now the temperature will fall further and fog will cover the sky दिल्ली में असर दिखा रही है ठंड, अब और भी गिरेगा तापमान और आसमान में छाएगा कोहरा

दिल्ली में बढ़ रही है ठंड
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत आसपास इलाकों में अब ठंड अपना असर दिखाने लगी है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फ़बारी उत्तर भारत में ठंड बढ़ा रही है। तापमान गिर रहा है और सुबह-शाम ठिठुरन होने लगी है। इसके साथ ही अब आसमान में कोहरा भी छाने लगा है। जिससे वाहन चालकों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में सुबह कई जगह छा रहा है कोहरा
राजधानी दिल्ली में रात के समय तापमान में अच्छी-खासी गिरावट हो रही है। इसके अलावा सुबह के समय दिल्ली के कुछ इलाकों में कोहरा होने के साथ-साथ कड़ाके की ठंड भी देखने को मिल रही है। हालांकि, दिन में सूरज निकल रहा है और तापमान में बढ़ोतरी हो जाती है। लेकिन इसकी वजह से शाम और रात के समय ओस अपना असर दिखाती है।
यूपी के कई शहरों में भी गिरा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार समेत मुंबई में मौसम साफ रहेगा और तापमान में गिरावट का दर्ज की जा सकती है। यूपी में कई इलाकों में ठंड लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को यूपी में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि आने वाले दिनों में यहां तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।
पटना के तापमान में दर्ज की गई रिकॉर्ड गिरावट
वहीं, बिहार में पछुआ हवाओं के कारण राज्य के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना समेत कई जिलों के तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई है। बिहार का मौसम इन दिनों शुष्क बना हुआ है। जिसके कारण दिसंबर के महीने में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना बनी हुई है।